मकर संक्रांति के बाद सर्दी से राहत नहीं, सोमवार से दिन में भी कंपा देगी उत्तरी हवाएं

भोपाल. ग्वालियर। मकर संक्रांति के बाद सर्दी से राहत की बात सोच रहे हैं तो ये बाद दिमाग से निकाल दे। क्योंकि इस बार संक्रांति के बाद भी कड़ाके की सर्दी के दो से तीन दौर और आ सकते हैं। इसका कारण, कश्मीर घाटी में बर्फबारी का दौर जारी है। सोमवार से हवाओं का रुख बदलने से एक बार फिर कंपाने वाली सर्दी का दौर शुरू हो जाएगा।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक दो दिन बाद उत्तरी हवा एक बार फिर पारे को गिराएगी। प्रति चक्रवात के कारण शनिवार को पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा चलने से रात के तापमान में जरूर थोड़ा सा इजाफा हुआ है।

क्या कहते हैं वैज्ञानिक: मौसम विज्ञानी डॉ. डीपी दुबे के अनुसार चक्रवात में हवाएं चारों तरफ से आकर एक जगह एकत्रित होती हैं। अगर कहीं से इन हवा के साथ नमी आ रही है तो वह बादल बन जाते हैं और बरसात की संभावना बढ़ जाती है। प्रति चक्रवात में हवा दूर-दूर हो जाती हैं। इससे बादल नहीं बनते तथा मौसम में गरमाहट आ जाती है।

भोपाल: वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि शनिवार को दिन का तापमान 25.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें 1.3 डिग्री का इजाफा हुआ। यह सामान्य रहा। दिन में हल्की धूप निकली, लेकिन शाम चार बजे तक ठंडी हवा नहीं चली। शुक्रवार को दिन का तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया था। रात का तापमान 10.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें भी 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यह छह दिन बाद 10 डिग्री के पार पहुंचा। एक दिन पहले रात का तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विशेषज्ञ एसके नायक का कहना है कि 15- 16 और इसके एक दिन बाद 18 जनवरी को हिमालय के पश्चिमी हिस्से में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के पहुंचने का अनुमान है। अभी तापमान में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन 19 जनवरी से यहां ठंड बढ़ सकती है। मिल रहे ट्रेंड के मुताबिक अभी आने वाले दिनों में ठंड के एक दो दौर और आ सकते हैं।

ग्वालियर: पूर्वी और दक्षिण- पूर्वी हवा चलने के कारण शनिवार को सुबह 8:30 बजे तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते रोज सुबह 8:30 बजे तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसी तरह शाम 5:30 बजे तापमान 19 डिग्री रहा है जबकि शुक्रवार को शाम 5:30 बजे तापमान 18.8 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

इंदौर: अभी हवा का रुख दक्षिण-पूर्व बना हुआ है। इस कारण दिन-रात का तापमान सामान्य से ज्यादा हो गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 11.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। सुबह 9 बजे तक ठंड रही, लेकिन दिन चढ़ते ही इसमें कमी आई। मौसम सुधरने से लोगों को राहत मिली। तेज ठंड होने से पत्ती, फली जलने की स्थिति में आ जाती है। सामान्य तापमान रहने से फसलों को फायदा होता है। हालांकि मावठा नहीं गिरने से किसानों को सिंचाई के इंतजाम करना पड़ रहे हैं। ठंड में भी देर रात से अलसुबह के बीच सिंचाई करने खेत में जाना पड़ता है। मौसम विभाग का मानना है 14 जनवरी के बाद ठंड का दौर फिर आएगा। उत्तर में बर्फबारी शुरू होने से मालवा में भी ठंडक बढ़ेगी। प्रदेश की बात की जाए तो खजुराहो में सबसे कम 3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

Comments are closed.

Translate »