बैतूल जिला रहा सबसे ठंडा, न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज, शाजापुर और राजगढ़ में स्कूलों की छुट्‌टी

इंदौर/भोपाल. कुछ दिन की राहत के बाद सर्दी के तेवर एक बार फिर सर्द हो गए हैं। मंगलवार को प्रदेशवासियों को कोहरे से तो कुछ राहत मिली, लेकिन कोहरा छंटते ही ठंड से अपने अपने तेवर तीखे कर लिए हैं। सोमवार को सबसे सर्द रात बैतूल में रही। यहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया गया। यहां 24 घंटे में पारा 3. 9 तक गिर गया। वहीं सबसे गर्म रात सीधी में रही। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया है।
मालवा-निमाड़ में खरगोन में सबसे सर्द रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में जहां न्यूनतम तापमान 7.6 रहा वहीं इंदौर में 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। लगातार गिरते पारे को देखते हुए राजगढ़ और शाजापुर में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
ग्वालियर : छह दिन में 75 को ब्रेन अटैक, 10 की मौत : ग्वालियर में सर्दी के कारण छह दिन में जेएएच के न्यूरोलॉजी विभाग और मेट्रो न्यूरो हॉस्पिटल में ब्रेन अटैक के 75 मरीज पहुंचे। इनमें से 10 की मौत हो गई। इनमें अधिकांश वृद्ध थे। न्यूरोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश उदैनिया ने बताया कि ज्यादातर मरीजों को सुबह 4 से 6 बजे के बीच ब्रेन अटैक आया। वजह सर्दी के कारण खून का गाढ़ापन बढ़ जाना और कैटीकोलामीन हार्मोन से ब्लडप्रेशर बढ़ना रहा।

इंदौर में कोहरा छंटते ही रात का तापमान लुढ़का : कोहरा छंटते ही ठंड के तेवर और तीखे हो गए थे। सोमवार रात साढ़े 12 बजे न्यूनतम तापमान साढ़े सात डिग्री तक लुढ़क गया। इस सीजन में यह दूसरा मौका है जब तापमान साढ़े सात बजे तक आया है। इसके पहले 29 दिसंबर को छह डिग्री और फिर 30 दिसंबर को सात डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया था। मौसम विशेषज्ञ डॉ. डीपी दुबे के मुताबिक मंगलवार रात भी ऐसी ही सर्द रहेगी। रात का पारा 7 से 8 डिग्री के करीब रहेगा। बुधवार को तापमान में थोड़ा सुधार होगा। लेकिन कंपकंपी का एहसास होता रहेगा। दिसंबर से ज्यादा जनवरी का महीना सर्द माना जाता है। न्यूनतम तापमान इस महीने में 5 से 6 डिग्री के बीच आ जाता है। मंगलवार सुबह 10 बजे भी अधिकतम तापमान 19 डिग्री के करीब था। ज्यादा तापमान गिरेगा तो खेती को बहुत नुकसान होगा।

इंदौर में दूसरे दिन भी कई ट्रेन लेट : कोहरे की वजह से इंदौर आने वाली ट्रेनें दूसरे दिन देरी से चल रही है। इंदौर आने वाली पांच ट्रेनें 40 मिनट से लेकर दो घंटे तक देरी से इंदौर आएगी। लगातार दूसरा दिन है जब ट्रेन देरी से इंदौर आएगी।

ये ट्रेनें लेट चल रही है
– मालवा एक्सप्रेस: दो घंटे
– ओवरनाइट: 1 घंटे
– नर्मदा एक्सप्रेस: 1.30 घंटे।
– पेंचवेली: 1.10 घंटे
– नागपुर एक्सप्रेस: 40 मिनट।
(रेलवे जनसंपर्क विभाग के अनुसार)

फ्लाइट 14 उड़ानें लेट, सुबह 10 बजे दृश्यता 800 मीटर से ज्यादा हुई तब लैंड हुए विमान : इंदौर आने और जाने वाली 14 उड़ानें सवा घंटे से पौने तीन घंटे तक लेट रहीं। एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल ने बताया सुबह 10 बजे जब दृश्यता बढ़कर 800 मीटर से ज्यादा हुई तब हैदराबाद से आए विमान को लैंड करवाया जो 10.45 बजे लौटा।

ये उड़ानें इतनी देरी से पहुंचीं
रात 1.10 की बेंगलुरु फ्लाइट 2 घंटे
सुबह 9.10 की नागपुर फ्लाइट 2 .15 घंटे
सुबह 9.55 की मुंबई फ्लाइट 1.15 घंटे
सुबह 10.25 की बेंगलुरु फ्लाइट 2.45 घंटे
शाम 5.10 की बेंगलुरु फ्लाइट 1.15 घंटे
रात 9.35 की गोवा फ्लाइट 1.15 घंटे
(ये सभी उड़ानें देरी से आने के कारण देरी से ही रवाना भी हुईं।)

क्यों बढ़ी ठंड : वेस्टर्न डिस्टरबेंस से राजस्थान में बारिश हुई, जिससे हवा में नमी बढ़ी और कोहरा छा गया। कश्मीर एवं हिमाचल में चार दिन से जारी बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी।

फसलों की पत्ती और फली जलने लगेगी : कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान 9 डिग्री से और कम होगा तो फसलों को नुकसान होगा। पत्ती, फली जलने लगेगी। ठंड पाले में तब्दील होगी तो फसलों का हाल बुरा होगा।

Comments are closed.

Translate »