भारत 71 साल में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाला पहला एशियाई देश बना

सिडनी. भारत 71 साल में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाला पहला एशियाई देश बन गया। चार मैचों की सीरीज का आखिरी टेस्ट बारिश के कारण सोमवार को ड्रॉ घोषित किया गया। इसके साथ ही भारत ने 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। भारत से पहले ऑस्ट्रेलिया में वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ही टेस्ट सीरीज जीत पाए थे। भारत ने 1947-48 में ऑस्ट्रेलिया में पहली टेस्ट सीरीज खेली थी। विदेश में भारत को दो साल बाद टेस्ट सीरीज में जीत हासिल हुई है। वहीं, टेस्ट में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने विदेश में चौथी और कुल 11वीं सीरीज जीती है।

भारत अब तक ऑस्ट्रेलिया में 12 टेस्ट सीरीज खेल चुका है। उसने ऑस्ट्रेलिया में आठ सीरीज गंवाईं, जबकि तीन ड्रॉ कराने में सफल रहा। पाकिस्तान भी ऑस्ट्रेलिया में 1947-48 में टेस्ट सीरीज खेल रहा है। वह अब तक एक भी बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया है। श्रीलंका और बांग्लादेश को भी कामयाबी नहीं मिली है।

बारिश के कारण रद्द हुआ आखिरी दिन का खेल
इससे पहले बारिश के कारण बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के चौथे और आखिरी टेस्ट के आखिरी दिन का खेल रद्द हो गया। खराब मौसम के कारण चौथे दिन भी 64.4 ओवर का खेल बर्बाद हो गया था। खराब रोशनी के चलते तीसरे दिन भी 16.3 ओवर कम फेंके गए थे।
ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाले विराट पहले एशियाई कप्तान

विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाले पहले भारतीय और एशियाई कप्तान बन गए। टीम इंडिया ने उनकी अगुआई में विदेश में अब तक आठ टेस्ट सीरीज खेली हैं। इनमें से उसकी यह चौथी सीरीज जीत है। विराट की कप्तानी में भारत श्रीलंका में दो और वेस्टइंडीज में एक टेस्ट सीरीज पहले ही जीत चुका है। वहीं, 2014/15 में हुई ऑस्ट्रेलिया, 2017/18 में हुई दक्षिण अफ्रीका और पिछले साल इंग्लैंड में हुई टेस्ट सीरीज में उसे हार झेलनी पड़ी।

धोनी के संन्यास लेने के बाद से विराट संभाल रहे कमान

विराट ने 2014/15 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहले टेस्ट में टीम इंडिया की कमान संभाली। दूसरे और तीसरे टेस्ट में धोनी ने भारतीय टीम की अगुआई की। इसके बाद धोनी ने टेस्ट से संन्यास ले लिया और चौथे टेस्ट में विराट ने कप्तानी की। विराट तब से ही भारतीय क्रिकेट टीम के नियमित कप्तान हैं। भारत उस सीरीज के शुरुआती दोनों टेस्ट हार गया था।

विराट की कप्तानी में भारत ने सभी घरेलू टेस्ट सीरीज जीतीं

विराट ने 2014/15 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहली बार टीम इंडिया की कमान संभाली थी। तब से अब तक वे 15 टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की अगुआई कर चुके हैं। इनमें से सात घरेलू मैदान पर खेली गईं हैं। टीम इंडिया ने वे सातों सीरीज अपने नाम की हैं।

Comments are closed.