मप्र में ठंड से दो की मौत, राजस्थान के 11 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे

नई दिल्ली. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिमी भारत में ठंड का प्रकोप जारी है। मध्यप्रदेश में रविवार को पचमढ़ी का तापमान माइनस 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उधर, खरगोन और अशोकनगर जिले में सर्दी के कारण दो लोगों की मौत हो गई। राजस्थान के 11 शहरों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया। राज्य में भीलवाड़ा सबसे सर्द रहा। यहां रविवार को तापमान 0.6 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में भी पारा तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन तेज ठंड का अनुमान जताया है।
मध्यप्रदेश: 12 से ज्यादा शहरों में तापमान 4 डिग्री के नीचे
प्रदेश में सर्दी जानलेवा हो चुकी है। 12 से ज्यादा शहरों में पारा 4 डिग्री से नीचे रहा। अशोकनगर जिले के ईसागढ़ ब्लॉक में एक मोर ने भी दम तोड़ दिया। भोपाल में पारा 6.8 डिग्री पर पहुंच गया। पूर्व वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एसके नायक ने बताया कि पाकिस्तान के पास बना वेस्टर्न डिस्टरबेंस कश्मीर की ओर बढ़ा है, इसलिए तापमान में हल्का इजाफा हुआ है। हालांकि, बहुत ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। खजुराहो में 1 डिग्री, उमरिया में 1 डिग्री, दतिया में 2.2 डिग्री, नौगांव में 2.4 डिग्री, दमोह में 2.6 डिग्री, बैतूल में 2.7 डिग्री और रीवा में 2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

राजस्थान: 5 दिन बाद माइनस तापमान से बाहर निकला प्रदेश
प्रदेश में बीते पांच दिन से माइनस में चल रहा पारा रविवार को चढ़ा, लेकिन शीतलहर व कोहरे से राहत नहीं मिली। सीकर के फतेहपुर में पारा 1.2 डिग्री रहा। माउंटआबू में तापमान 1.0 डिग्री और जयपुर में सीजन का सबसे कम पारा 5 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में 0.6 डिग्री पारे के साथ भीलवाड़ा सबसे सर्द रहा। अलवर में 0.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 2.5 डिग्री, चूरू में 2.9 डिग्री, वनस्थली में 3.4 डिग्री, डबोक में 3.4 डिग्री, सीकर में 3.5 डिग्री और गंगानगर में 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजसमंद में ठंड के कारण फसल खराब होने से सदमे में आए एक किसान ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इससे पहले ठंड लगने से दो किसानों की मौत हो गई थी।

हिमाचल: शिमला में बर्फबारी से हो सकता है नए साल का आगाज
शिमला मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि एक जनवरी को राज्य के पर्यटक स्थल शिमला, कुफरी, नारकंडा, डलहौजी और मनाली में बर्फबारी हो सकती है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है। इसके साथ ही, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा के हिस्सों, सोलन और सिरमौर जिलों सहित कम ऊंचाई और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है।

छत्तीसगढ़: प्रदेश के सभी शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, अलर्ट जारी
प्रदेश के सभी शहरों में रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विभाग ने प्रशासन को तैयारी के लिए अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में ठंड का 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां न्यूनतम पारा 8.9 सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, पहाड़ी क्षेत्र अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 4.40 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मैदानी इलाकों में दुर्ग फिलहाल प्रदेश में सबसे ठंडा है, यहां पारा 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में 7.2 डिग्री, पेंड्रा रोड में 4.5 डिग्री और जगदलपुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

हरियाणा: गुड़गांव में पारा 0.4 डिग्री
गुड़गांव में रविवार को ठंड ने 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि नए साल पर प्रदेश के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। राज्य में 6 जिलों में पारा 3 डिग्री से नीचे दर्ज किया। इनमें हिसार में 1.6 डिग्री, रेवाड़ी में 2 डिग्री, करनाल में 2 डिग्री, पानीपत में 2.2 डिग्री, नारनौल में 2.5 डिग्री, रोहतक में 3 डिग्री और फरीदाबाद में 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

झारखंड: सबसे ठंडा मैक्लुस्कीगंज, सीजन में पहली बार कांके का पारा शून्य
रांची समेत पूरे प्रदेश में शीतलहर चल रही है। रविवार को सबसे ठंडा मैक्लुस्कीगंज रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले यहां पर पारा माइनस 1.5 डिग्री था। सीजन में पहली बार कांके में पारा शून्य डिग्री पर पहुंच गया। पलामू में ठंड लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक- अगले चार दिनों तक झारखंड का न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। रांची में 4.6 डिग्री, डालटनगंज में 4.6 डिग्री और जमशेदपुर में 6.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

Comments are closed.

Translate »