कांग्रेस के पास नीति है, ना नेता है और ना सिद्धांत

रीवा। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह जी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस है, जिसके पास नीति है, ना नेता है और ना ही सिद्धांत हैं। चुनाव आपको करना है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने रविवार को रीवा जिले के देवतालाब में संभा को संबोधित करते हुए कही।

ये साधारण नहीं, देश को दिशा देने वाला चुनाव है

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 28 तारीख को जो चुनाव होने वाला है वह आम नहीं, प्रदेश के भाग्य को तय करने वाला चुनाव है। देश के आम चुनाव को दिशा देने वाला चुनाव है। उन्होंने कहा कि 28 तारीख को प्रदेश की जनता अगली सरकार तय करने जा रही है। श्री शाह ने कहा कि इस चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का पक्ष रखने के लिए मैं आपके सामने आया हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के पास दो ही विकल्प हैं। एक तरफ मोदी जी, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह के नेतृत्व में एकजुट होकर लड़ने वाली भाजपा है। दूसरी तरफ कांग्रेस है, जिसके पास नीति है, ना नेता है और ना ही सिद्धांत हैं। श्री शाह ने कहा कि मैं कांग्रेस के अध्यक्ष से पूछना चाहता हूं कि आपका नेता कौन है, चुनाव में आपकी फौज का सेनापति कौन है, किसके चेहरे को देखकर जनता वोट दे। मगर वो तय करेंगे नहीं, क्योंकि उनके पास नेता नहीं है। एक राजा, एक महाराजा और एक उद्योगपति है। अब फैसला आपको करना है।

भाजपा की सरकार ने किये विकास के काम

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने सभा में उपस्थित लोगों से पूछा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब 24 घंटे बिजली मिलती थी क्या? क्या किसानों से गेहूं और धान खरीदा जाता था? जिसका जवाब लोगों ने ‘ना’ में दिया। श्री शाह ने भाजपा सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि विगत 15 सालों में 55 साल से ज्यादा काम हुआ है। उन्होंने कहा कि शिवराज जी की सरकार किसानों से एक-एक दाना खरीद रही है और बिना ब्याज के कर्ज भी दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने मे न तो सिंचाई थी, न सड़क थी, न बिजली थी। आज भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में विकास के काम किये हैं।

मोदी सरकार ने देश की सीमाएं सुरक्षित की

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार ने समाज के विभिन्न वर्गों के लिए 129 योजनाएं लागू की हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मोदी सरकार ने देश को सुरक्षित करने का काम किया है। कांग्रेस की मनमोहन सरकार के समय पाकिस्तानी आतंकी आते थे और हमारे जवानों को मारकर वापस पाकिस्तान में घुस आते थे। उड़ी में जवानों पर हमला हुआ। प्रधानमंत्री मोदी जी ने आदेश दिया और हमारी सेना ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करके हमारे जवानों की हत्या का बदला लिया। श्री शाह ने कहा कि इससे पहले सिर्फ दो ही देश अमेरिका और इजराइल ही सर्जिकल स्ट्राइक करके अपने जवानों की मौतों का बदला लेते थे। प्रधानमंत्री ने इस सूची में तीसरा नाम भारत का भी जोड़ दिया। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी ने दुनिया में भारत को सम्मान बढ़ाने का काम किया है। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने में जुटे हैं। श्री शाह ने उपस्थित लोगों को समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए भाजपा को जिताने का संकल्प दिलाया।

सरकार ने किया योजनाओं का सफल क्रियान्वयन

सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष श्री राकेशसिंह ने भाजपा की रीति नीति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनहितैषी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया है। श्री सिंह ने लोगों ने ‘अबकी बार, दो सौ पार’ के नारे को सार्थक बनाने के लिए भाजपा को जिताने का संकल्प लिया। उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल कहा कि भाजपा सरकार ने रीवा जिले के विकास के अरमान को 15 वर्षो में पूरा करने का काम किया है। उन्होने कहा कि विकास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है यह प्रमाणित हो चुका है। रीवा सांसद जर्नादन मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब, असहाय और अभावग्रस्त लोगों की सरकार है, जो इन वर्गों को समुचित अवसर देकर आगे बढ़ाने का काम कर रही है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, बुद्धसेन पटेल, प्रभारी विनोद शुक्ला, मनगवां प्रत्याशी पंचूलाल प्रजापति, देवतालाब प्रत्याशी गिरीश गौतम आदि उपस्थित रहे।

मैहर की सड़कों पर गूंजे मोदी-मोदी, अमित शाह जिंदाबाद के नारे

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में फूलों से पट गई शहर की सड़कें मैहर। अमित शाह जिंदाबाद, मोदी-मोदी और अबकी बार, 200 पार के गगनभेदी नारों से गूंजती सड़कें। स्वागत के लिए बरसते फूल और सड़कों से गुजरता हजारों लोगों का हुजूम। यह दृश्य था भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के मैहर में आयोजित रोड शो का। स्थानीय प्रत्याशी नारायण त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित इस रोड शो को देखने के लिए मैहर में जनसैलाब उमड़ पड़ा।

मध्यप्रदेश में चल रहे चुनावी घमासान के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

श्री अमित शाह लगातार दौरे एवं सभाएं कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने विंध्य क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं की एवं मैहर में भाजपा प्रत्याशी नारायण त्रिपाठी के लिए रोड शो किया। रोड शो शाम को करीब साढ़े सात बजे शहर के स्टेट बैंक चैराहे से शुरू हुआ। यहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने श्री अमित शाह को मां शारदा की चुनरी ओढ़ाई। इसके बाद श्री शाह रथ पर सवार होकर शहर भ्रमण के लिए रवाना हुए। रोड शो शहर के मुख्य बाजार, पुरानी बस्ती, घंटाघर चौक, पूर्वी दरवाजा, किला होते हुए देवीजी रोड स्थित अग्रसेन चौक पर समाप्त हुआ। यहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने अग्रसेन महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो के दौरान जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उनका स्वागत किया। इसके अलावा रास्ते पर श्री शाह के काफिले पर फूलों की वर्षा होती रही। श्री शाह अपने रथ पर सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। उन्होंने शहर के लोगों से स्थानीय प्रत्याशी को जिताने के लिए समर्थन भी मांगा। रोड शो के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह, सतना सांसद श्री गणेश सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।

Comments are closed.

Translate »